उज्जैन; उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंची महिलाएं; कल शाम डूबते सूर्य को दिया था अर्घ्य!

उज्जैन में दूसरे दिन भी छट पूजा की धूम रही, बड़ी संख्या में महिलाएं शिप्रा नदी और विक्रम सरोवर पर सूर्य को अर्घ्य देने के लिए तड़के पांच बजे पहुंची।
शिप्रा नदी के रामघाट पर महिलाएं सुबह उठकर स्नान-ध्यान कर पहुंची थी। सूर्योदय से पहले पहुंची व्रती ने पानी में उतरकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। जिसमें दूध और जल से सूर्य देव को अर्घ्य देकर पूजन किया गया। भगवान सूर्य को प्रणाम कर वैदिक मंत्रों का जाप किया गया।
इससे पहले गुरुवार को शिप्रा नदी के रामघाट और देवास रोड स्थित विक्रम सरोवर में बड़ी संख्या में महिला पुरुष और बच्चे छट पूजन के लिए पहुंचे। यहां महिलाओ ने पूजन कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की खुशियों के लिए भगवान से प्रार्थना की।
गुरुवार दोपहर से ही शहर में बसे पूर्वांचल और बिहार के श्रद्धालुओं का छठ घाटों की ओर रुख करना शुरू हो गया। शाम होते ही महिलाएं और पुरुष प्रसाद से भरी बांस की टोकरियां लेकर घाटों पर पहुंचने लगे। इसके साथ ही छठी मैया के मनभावन लोक गीतों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। व्रतियों ने एक दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दी।